सुल्तानपुर। गंगा पार कर खेत में जा रहा रणजीतपुर जसपुर निवासी कक्षा पांच का छात्र तेज बहाव में बह गया। लोगों ने बचाने के लिए शोर भी मचाया। लेकिन देखते ही देखते वह सबकी आंखों से ओझल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन सुराग नहीं लग पाया।
रणजीतपुर जसपुर निवासी मंगता की पूरी खेतीबाड़ी गंगा के उस पार है। खेती करने मंगता और उसका परिवार रोजाना गंगा के रास्ते से खेत पर जाते हैं। सोमवार को मंगता का 10 वर्षीय पुत्र अमित कुमार (कक्षा पांच का छात्र) अपने पिता से पहले ही खेत के लिए चल दिया। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही अमित गंगा पार कर रहा था। उसी दौरान वह अचानक पानी के तेज बहाव में बह गया। अमित को पानी में बहता देख आगे जा रहे किसानों ने अमित को बचाने की कोशिश की। लेकिन सफलता नहीं मिली
जैसे ही यह खबर किसानों ने अमित कुमार के परिजनों और गांव में दी तो अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंगा में अमित कुमार की तलाश की। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। भिक्कमपुर चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों और जल पुलिस को दे दी है।
16 मार्च को भी एक छात्र की हुई थी मौत
सुल्तानपुर। 20 दिन में गंगा में डूबने से दो छात्रों की मौत हो चुकी है। पिछले माह 16 मार्च को फतवा निवासी कक्षा 12वीं के छात्र विरेंद्र की रामपुर रायघटी गांव के सामने गंगा में रास्ता बनाते समय गंगा में गिरने से मौत हो गई थी। इसका शव दो दिन बाद ग्रामीणों को गंगा से मिला था। उसके बाद सोमवार सुबह गंगा पार करते समय पानी के बहाव में बहने के कारण कक्षा पांच के छात्र अमित कुमार की मौत हो गई।