सुभाषनगर निवासी युवक की हत्या के इरादे से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गंगनहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। आरोपी पूर्व में अपने पिता की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
16 सितंबर को सुभाषनगर निवासी महिला ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि आरोपियों ने घातक हथियारों से लैस होकर उसके बेटे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की कोशिश के मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस को आरोपी अनुराग चौधरी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सोमवार को लाठरदेवा अंडरपास के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग चौधरी (22) निवासी पनियाला रोड, कोतवाली गंगनहर के रूप में हुई है।