रुड़की। घर में घुसकर दंपती से मारपीट करने और तोड़फोड़ के आरोप में गंगनहर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी शमशेर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 सितंबर को वह अपनी पत्नी के साथ घर पर थे। उनके बच्चे उस समय स्कूल गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान रुड़की निवासी चार लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की जिससे उसे चोटें आई। मारपीट में शमशेर को भी गंभीर चोटें लगी। आरोप है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने घायल दंपती को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। शमशेर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया थाा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जिद्दों, अजीम, शारदा और अर्श निवासी रुड़की के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
छात्रों के गुटों में विवाद, एक को पीटा
रुड़की। बीएसएम इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ रहे सुनहरा निवासी छात्र को उसके विरोधी गुट के छात्रों ने पीट दिया। छात्र के मुंह और हाथ पर चोट आ गई है। मामले में छात्र के परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। छात्र ने बताया कि उसके कॉलेज पहुंचने से पहले जमकर पीटा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमीन के नाम पर 25 लाख हड़पने का आरोप
रुड़की। सती मोहल्ला निवासी कासिफ ने मंगलौर निवासी व्यक्ति पर जमीन के नाम पर 25 लाख रुपये हड़पने का आराेप लगया है। पीड़ित ने बताया कि उसने दो साल पहले आरोपी को कई बार में यह रकम दी। अब वह जमीन का बैनामा नहीं कर रहा है और घर से भी फरार हो गया है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।