थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में चोरी के शक में चार मासूम बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने कोल्ड ड्रिंक चोरी करने के संदेह में चार बच्चों को रस्सी से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने घटना पर संज्ञान लेकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वायरल वीडियो में आरोपी बच्चों को रस्सी से बांधकर लगातार पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। पिटाई के दौरान बच्चे दर्द से तड़पते हुए रहम की गुहार लगाते रहे लेकिन आरोपी ने कोई दया नहीं दिखाई। वीडियो में एक बच्ची के बाल पकड़कर उसे खड़ा करने और उसके चेहरे पर कई थप्पड़ मारने की तस्वीरें भी दिखी है। घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने भी बच्चों को बचाने या आरोपी को रोकने का प्रयास नहीं किया। इस पूरे घटनाक्रम का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। कोतवाली प्रभारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी मेघराज और महावीर को गिरफ्तार किया है।