मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज में रोटरी क्लब रुड़की अपर गंगेज की ओर से ‘बेटियां’ प्रोजेक्ट के तहत चार छात्राओं को 51 हजार रुपये की छात्रवृत्ति और चार छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साथ ही छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने भी गंगा को समर्पित कविताएं सुनाकर अतिथियों को मंत्रमुग्ध किया।
बृहस्पतिवार को मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज में क्लब की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ कॉलेज प्रबंधक मिस जे सिंह और प्राचार्य डॉ. अनिता श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान क्लब की ओर से कॉलेज की आर्थिक रूप से कमजोर चार छात्राओं को 51 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। चार अन्य छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में रोटेरियन रवि प्रकाश और शालिनी प्रकाश बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। ब्लॉक अध्यक्ष निधि शांडिल्य ने बताया कि क्लब की ओर से समय-समय पर छात्राओं को छात्रवृत्ति और साइकिल वितरण का कार्यक्रम किया जाता रहता है।
बेटियां प्रोजेक्ट को लेकर उन्होंने कहा कि बेटा एक घर को रोशन करता है जबकि बेटियां दो घरों को रोशन करती है। इसलिए समाज में उनकी भागीदारी लड़कों से कम नहीं बल्कि ज्यादा है। इस प्रोजेक्ट के तहत लोगों को बेटियों को लेकर जागृत किया जाता है। कार्यक्रम में शोभा, सोनम, आकांक्षा, रिद्धिमा शर्मा, आकांक्षा यादव, मनीषा यादव, राशि, काजल सैनी आदि को छात्रवृत्ति व साइकिल बांटी गई। इस दौरान सानिया, शोएब मलिक, मानिकेश, आयुष, ईशा वालिया, मोनिका मौजूद रहे।