तमंचे के बल पर युवक से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने चार दोस्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूट में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया है। इसके अलावा लूटी गई बाइक, नकदी और मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली में बृहस्पतिवार को एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि नौ मार्च को अभिषेक निवासी सहारनपुर किसी काम से बाइक से ढंडेरा आया था। इस बीच वह फाटक के पास खड़ा था। तभी उसके पास दो युवक आए और तमंचे का डर दिखाते हुए उसे बाइक सहित मंगलौर के पास जंगल में ले गए थे। यहां पर दो और युवक थे।
चारों ने मिलकर अभिषेक का मोबाइल, बाइक, चार हजार की नकदी और एक हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से लूट लिए थे। साथ ही घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे और यूपीआई नंबर के आधार पर युवकों की पहचान कर बुधवार को पुलिस ने सोलानी पार्क के पास गंगनहर पटरी से चारों को गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली ले आई। चारों के पास से बाइक, मोबाइल, 1700 रुपये की नकदी और एक तमंचा बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि अमन कुमार निवासी नगला एहमाद, मंगलौर, विकास निवासी हरिजन बस्ती रविदास मंदिर के पास ढंडेरा, रुड़की, कालूराम निवासी ढंडेरा, रुड़की और आशुतोष उर्फ आशु टंकी के पास ढंडेरा, रुड़की को गिरफ्तार किया है। साथ ही चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस दौरान एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, एएसपी कुश मिश्रा, सीओ नरेंद्र पंत आदि मौजूद रहे।
नशे के लिए वारदात को दिया अंजाम
एसएसपी ने बताया कि चारों युवक नशा करते हैं। नशे की पूर्ति के लिए चारों लूट की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि चारों युवकों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। आपराधिक इतिहास मिलने पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।