गाधारोना गांव में एक बार फिर 14 और मरीजों में काला पीलिया की पुष्टि हुई है। अब गांव में नए मरीजों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। सिविल अस्पताल की ओर से इन सभी मरीजों की पूरी सूची तैयार कर जिला मुख्यालय भेजी गई है। जिला मुख्यालय के निर्देश पर इन मरीजों के इलाज के लिए एक टीम बनाई जाएगी ताकि टीम समय-समय पर इनके बारे में जानकारी लेकर मुख्यालय को उपलब्ध करा सके।
लंढौरा क्षेत्र स्थित गांव गाधारोना काला पीलिया का हॉट स्पॉट बना हुआ है। पिछले दिनों अमर उजाला ने जनहित में गाधारोना गांव में काला पीलिया फैलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया था और गांव पहुंचकर शिविर लगाकर संभावित मरीजों की जांच के लिए सैंपल लिए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोबारा से इन लोगों की वायरल लोड जांच के लिए सैंपल लिए थे।
वायरल लोड जांच में 23 मरीज सामने आए थे। इसके बाद फिर टीम ने गांव पहुंचकर संभावित मरीजों की जांच के लिए सैंपल लिए थे। इन लोगों की मंगलवार को वायरल लोड जांच रिपोर्ट आई है जिनमें से 24 मरीजों में भी काला पीलिया की पुष्टि हुई है। सिविल अस्पताल की ओर से इनकी सूची जिला मुख्यालय भेजी है। उधर, सीएमओ डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि इन सभी का उपचार शुरू कर दिया गया है। इन मरीजों की निगरानी और उपचार के लिए सिविल अस्पताल के डाॅ. राव अकरम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है।