खाद्य सुरक्षा विभाग मिठाई के नमूने भरते हुए
- फोटो : amarujala
दीपावली के नजदीक आने पर आखिरकार खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की नींद टूट ही गई। टीम की ओर से शहर की प्रमुख दो दुकानों से चार सैंपल भरे गए। इससे मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
यूपी समेत कई इलाकों से शहर में मिलावटी मावा दीपावली के मौके पर खपाया जाता है। मावे को बसों एवं निजी वाहनों में भरकर मिठाइयों की दुकानों पर सप्लाई किया जाता है। इस बीर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी इस मामले में निष्क्रिय सोए हुए थे जो कार्रवाई नहीं कर रहे थे, लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग सोमवार की शाम को जाग गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में शहर की दो प्रमुख दुकानों से चार सैंपल लिए गए।
क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सिंधी स्वीट्स की दुकान से बर्फी एवं पेड़ा के सैंपल लिए गए। बीकानेर स्वीट्स से काजू बर्फी एवं मावे की बर्फी के सैंपल भरे गए। उन्होंने बताया कि सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, योगेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।