दिनदहाड़े बदमाशों ने एक कंपनी के रिटायर्ड सीनियर मैनेजर के रेलवे रोड स्थित फ्लैट का ताला तोड़कर 15 लाख रुपये के गहने और नगदी पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। घटना के समय मैनेजर अपनी पत्नी के साथ पास स्थित बड़े भाई के घर गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत रेलवे रोड स्थित साईं पेट्रोल पंप के सामने शिव विहार अपार्टमेंट में एक फ्लैट अशोक कुमार गुप्ता है। यह कोल इंडिया (अनूप नगर, मध्यप्रदेश) से सीनियर मैनेजर के पद से रिटायर्ड हुए हैं। बुधवार को उनके पिता का श्राद्ध था। श्राद्ध का अनुष्ठान उनके बड़े भाई श्यामपाल गुप्ता निवासी प्रीतविहार कालोनी के घर पर हो रहा था। उसमें शामिल होने के लिए अशोक कुमार गुप्ता अपने फ्लैट का ताला लगाकर पत्नी के साथ सुबह 10 बजे बड़े भाई के घर चले गए। सुबह करीब पौने 12 बजे जब वह लौटे तो फ्लैट के मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था। यह देखकर दोनों घबरा गए। अंदर गए तो तीनों कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी भी खुली हुई थी। उसमें से करीब साढ़े 14 लाख रुपये के जेवर और 60 हजार रुपये की नगदी गायब थी। सूचना पर पहुंची गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस
रुड़की। रिटायर्ड सीनियर मैनेजर अशोक कुमार गुप्ता के घर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। बदमाशों को चिह्नित करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
घटना को छिपाए रही पुलिस
रुड़की। लाखों की चोरी करने वाले बदमाशों को पकड़ने से ज्यादा पुलिस का पूरा जोर घटना छिपाने पर रहा। पुलिस ने पूरे दिन घटना को छिपाए रखा। इसी तरह से पुलिस ने सीबीआरआई के रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार गुप्ता के यहां हुई लूट की घटना को छिपाकर रखा था। इस घटना में बदमाशों ने लूटपाट के साथ बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट भी की थी। इस दौरान मारपीट में घायल उनकी पत्नी की मौत हो गई थी।
पौने दो घंटे से भी कम समय में दिया वारदात को अंजाम
बदमाशों ने लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देने में पौने दो घंटे से भी कम समय लगाया। अशोक कुमार गुप्ता के मुताबिक वह सुबह 10 बजे भाई के घर जाने के लिए निकले थे। ठीक 11.45 बजे वह वापस भी आ गए थे। लेकिन तब तक बदमाश अपने काम को अंजाम दे चुके थे।
बदमाशों के आगे बेबस पुलिस
बदमाशों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। बदमाश आए दिन एक के बाद एक लूट, हत्या और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन पुलिस न तो घटनाओं का खुलासा कर पा रही है और न बदमाशों पर अंकुश लगा पा रही है।
बदमाशों के हौसले बुलंद है। 20 अगस्त को बदमाशों ने एसबीआई सिविल लाइंस के स्पेशल असिस्टेंट दिनेश कुमार वर्मा के सुभाष नगर स्थित आवास पर दिनदहाड़े धावा बोलकर उनकी पत्नी संगीता को चाकू से घायल कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट लिए थे। पुलिस इस घटना का खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि बदमाशों ने 19 सितंबर को सीबीआरआई के रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार गुप्ता के घर पर भी बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने उन्हें और उनकी पत्नी को गंभीर रुप से घायल भी कर दिया था। उपचार के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है।
इन घटनाओं के अलावा नहर किनारा स्थित सिंचाई विभाग के इंजीनियर और पीरबाबा कालोनी के समीप स्थित एक जज के आवास में भी दिनदहाड़े चोरी की वारदात को बदमाश अंजाम दे चुके हैं। लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। जिसके चलते बदमाश आए दिन एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं के कारण शहर के लोगों में दहशत का माहौल है।