एक छात्रा को मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने के मामले में बुधवार को छात्रा के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा किया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कोचिंग सेंटर संचालक समेत चार छात्रों को हिरासत में लिया। उसके बाद छात्रा के भाई ने पुलिस को तहरीर दी।
ढंडेरा स्थित एक कंप्यूटर सेंटर में एक छात्रा कंप्यूटर सीख रही है। पिछले कुछ दिनों से छात्रा के मोबाइल पर अश्लील मैसेज आ रहे थे। छात्रा ने शुरू में तो इसे अनदेखा किया। लेकिन परेशान होकर उसने अपने परिजनों को सारी बातें बता दी। बुधवार को छात्रा के भाई, पिता और परिचित कंप्यूटर सेंटर पहुंचे। मोबाइल पर आ रहे अश्लील मैसेज के नंबर के बारे में उन्होंने कंप्यूटर संचालक से पूछा तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। इसी दौरान वह छात्र भी वहीं मिल गया। जिसके मोबाइल से अश्लील मैसेज आ रहे थे।
आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया तो कंप्यूटर सेंटर संचालक और आरोपी छात्र के दोस्तों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। इस पर मोहल्ले के अन्य लोग भी आ गए। सूचना पर कोतवाली रुड़की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कंप्यूटर सेंटर संचालक और तीन छात्रों को पकड़कर कोतवाली लेकर पहुंची। छात्रा के परिजन और मोहल्ले के दर्जनों लोग भी कोतवाली पहुंच गए। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में छात्रा के भाई ने तहरीर दी है। उसका आरोप है कि कंप्यूटर सेंटर संचालक ने ही छात्रा का नंबर छात्रों को दिया है। छात्र पूरे-पूरे दिन कंप्यूटर सेंटर में बैठे रहते हैं और छात्राओं से छेड़छाड़ करते हैं।