घर के बाहर पैड़ी बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। जबकि मारपीट में दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कोतवाली रुड़की के अंतर्गत मोहम्मदपुर निवासी परवेज अपने घर के बाहर दरवाजे के सामने पैड़ी बना रहे थे। उसी दौरान अरशद चेयरमैन, तौकीर, सफेन और वकार आदि मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पैड़ी बनाने का विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी उसके बाद मारपीट शुरू हो गई।
उसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। इसमें परवेज पक्ष के असलम, केसर और इंतजार छर्रे लगने से घायल हो गए। मारपीट में अरशद चेयरमैन पक्ष के सफेन और तौकीर चोटिल हुए हैं। सभी घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एमएस नेगी ने बताया कि अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।