विद्युत कनेक्शन कटा होने के बावजूद तांशीपुर में चोरी की बिजली से पांच घर रोशनी से जगमग मिले। ऊर्जा निगम की छापामार कार्रवाई के दौरान मामला पकड़ में आया है। इस मामले में अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बुधवार को रुड़की के उपखंड अधिकारी मोहम्मद उस्मान के नेतृत्व में सुबह सात बजे टीम तांसीपुर गांव में पहुंची और चेकिंग के दौरान पाया कि पहले से बकाया होने के कारण काटे जा चुके घरों के कनेक्शनों में पांच लोगों की ओर से एलटी लाइन पर सीधे केबल डालकर बिजली चोरी की जा रही है। अवर अभियंता सुनील कुमार ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी हैं। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि बिजली चोरी कर रहें पांचों लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।