ट्रैक्टर चोरी में पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया। साथ ही पांचों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस पांचों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी उस्मान ने अपना ट्रैक्टर 28 मई को ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी परिचित इसरार के घेर में खड़ा किया था। 11 जून को वह मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर गायब था। उन्होंने इसरार से पूछा तो उसने ट्रैक्टर के बारे में किसी जानकारी से इनकार कर दिया। 20 जून को उस्मान ने शक के आधार पर इसरार के खिलाफ ट्रैक्टर चोरी का केस दर्ज करवाया था। मामले की जांच सोत बी पुलिस चौकी इंचार्ज अंकुर शर्मा को दी गई। पुलिस ने इसरार समेत अन्य लोगों से पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पूछताछ में पता चला कि ट्रैक्टर चोरी में इसरार नहीं बल्कि अन्य लोग शामिल हैं। इसके बाद केस को अज्ञात में तरमीम किया गया। मंगलवार रात मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि सलेमपुर तिराहे पर तीन लोग चोरी के ट्रैक्टर के साथ खड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने दो साथियों के भी नाम बताए।
पुलिस ने उन दोनों को भी रात में ही गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सोलानी नदी के जंगल से ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी में अलकसीम पुत्र इकबाल, सीमर पुत्र शिफटैन निवासी गली नंबर-15 ग्रीन पार्क कॉलोनी, रुड़की, जोगिंद्र पुत्र रणजीत निवासी ग्राम अलीपुरा, थाना भवन जिला शामली, शमशाद पुत्र असगर निवासी गली नंबर-17 ग्रीन पार्क, रुड़की और विजय पुत्र मान सिंह निवासी ग्राम झबीरन, थाना बड़गांव जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया है। सभी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
--
चार्ज संभालते ही किया बड़ा खुलासा
सिविल लाइंस कोतवाली का चार्ज संभालते ही इंस्पेक्टर राजेश साह ने बुधवार को ट्रैक्टर चोरी का बड़ा खुलासा किया। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उनकी प्रशंसा की है। साथ ही ट्रैक्टर मालिक ने भी धन्यवाद दिया।
--
एसआई अंकुर और सिपाही विनोद की मेहनत लाई रंग
ट्रैक्टर चोरी के मामले में शुरू से ही एसआई अंकुर शर्मा और सिपाही विनोद चपराना हर बिंदु पर जांच कर रहे थे। एसआई दिनरात भागदौड़ कर रहे थे तो सिपाही विनोद चोरों की लोकेशन ट्रेस कर रहे थे। आखिरकार दोनों की मेहनत काम आई और ट्रैक्टर चोरी के आरोपी पकड़े गए। इस सफलता के लिए पुलिस अधिकारियों ने दोनों की पीठ थपथपाई है।
--
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कोतवाली प्रभारी राजेश साह, सोत बी पुलिस चौकी इंचार्ज अंकुर शर्मा समेत सिपाही रामबीर, विनोद चपराना, विपिन कुमार, राजे सिंह, राहुल और मोहम्मद हासिम अब्बास।