कुछ युवकों ने एक युवक की पिटाई कर दी। युवक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। इसपर आरोपी ने उसे फोन करके गोली मार देने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी सावेज निवासी ग्राम पीपली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी परवेज ने तहरीर में बताया कि 16 फरवरी को आरोपी सावेज ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर उसके पुत्र दानिश की पिटाई कर दी थी। उसने आरोपियों के खिलाफ लक्सर बाजार चौकी में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच 17 फरवरी को वह लक्सर में सब्जी मंडी में अपनी दुकान पर बैठा था। इस दौरान सावेज ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल की ओर पुलिस को शिकायत करने पर नाराजगी जताते हुए उसे गोली मारकर जान से मार देने की धमकी दी। परवेज ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपी सावेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।