गंगनहर थानाक्षेत्र में बुधवार रात एक बाइक पर सवार तीन बदमाश डेयरी मालिक पर फायरिंग कर फरार हो गए। हालांकि हमले में वह बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल पाया। पुलिस ने जिले में अलर्ट जारी कर दिया है।
बीएसएम कालेज के बाहर एक डेयरी है। रात करीब साढे़ आठ बजे डेयरी मालिक राजेश कश्यप और उनकी पत्नी डेयरी पर बैठे हुए थे। तभी वहां पर एक बाइक पर तीन युवक पहुंचे। उनके मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। राजेश कश्यप की पत्नी ने जैसे ही युवकों से पूछा की मुंह पर कपड़ा क्यों बांधा हुआ है। युवकों ने डेयरी मालिक पर चार राउंड फायरिंग कर दी। इससे क्षेत्र गोलियों की आवाज से गूंज उठा। इससे मौके पर भीड़ जुट गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वप्न किशोर सिंह भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। साथ ही क्षेत्र की नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। लेकिन आरोपियों का कहीं पता नहीं चल पाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फायरिंग के बाद से जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बदमाशों की शिनाख्त नहीं हुई है।
22 जून को मिली थी धमकी
डेयरी मालिक राजेश कश्यप ने पुलिस को बताया कि 22 जून को उसे मोबाइल पर चौथ न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। चेताया था अब तुम्हारे दिन जल्द पूरे होने वाले हैं।
प्रवीण वाल्मीकि का आ रहा नाम
रामनगर क्षेत्र में नगर निगम के सफाई नायक बसंत की हत्या के मामले मुख्य आरोपी रहे प्रवीण वाल्मीकि का नाम एक बार फिर चर्चाओं में आ रहा है। पुलिस और आसपास के लोगों में फायरिंग के बाद प्रवीण वाल्मीकि के नाम की चर्चा होती रही। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई।