इकबालपुर शुगर मिल के कृषि फार्म में आग लगने से गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर बमुश्किल काबू पाया।
विज्ञापन
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के इकबालपुर शुगर मिल का झबरेड़ा मार्ग पर कृषि फार्म स्थित है। फार्म में गन्ने की फसल तैयार खड़ी हुई है लेकिन इस सत्र में गन्ना मिल चालू नहीं होने से फसल को अब तक काटा नहीं गया है। मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थिति में कृषि फार्म में आग लग गई। इससे कुछ ही देर में आग गन्ने की फसल में पहुंच गई।
देखते ही देखते गन्ने की फसल जलने लगी। आग की लपटें और धुंआ झबरेड़ा व मंगलौर रोड तक फैल गया। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर बमुश्किल काबू पाया लेकिन तब तक काफी गन्ना जल चुका था। इकबालपुर पुलिस चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिल प्रबंधन को दे दी गई है। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। मिल प्रबंधन ने गन्ने की फसल में आग लगने से भारी नुकसान होना बताया है।