नगर के राज विहार कॉलोनी, ढंडेरा स्थित एक मकान में बुधवार सुबह 11:30 करीब खाना बनाते समय घरेलू गैस सिलिंडर में आग लगने से सोमवार को अफरा-तफरी मच गई। सिलिंडर में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों को सिलिंडर फटने की आशंका सताने लगी जिसके कारण कॉलोनी में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। फायरकर्मियों ने हाईप्रेशर वाहन से होजरील के जरिये पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। इसके बाद सावधानी बरतते हुए जलते हुए गैस सिलिंडर को मकान से बाहर निकाला गया। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए थे। आग बुझने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और फायर टीम का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते फायर कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फायर स्टेशन प्रभारी वंश नारायण यादव का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया था और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।