धारदार हथियारों से लैस होकर दुकान पर धावा बोलने और दुकानदार पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने टांडा महतौली गांव निवासी आरोपी गुलशन व उसके दो भाई बंटी व बादल सहित पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ इससे पूर्व गांव के ही सुमित ने भी फावड़े से हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्रकरण में पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
टांडा महतौली गांव निवासी कोसिंदर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आरोपी गुलशन उनके बुजुर्ग माता-पिता को परेशान कर रहा है। 26 जून की सुबह करीब छह बजे आरोपी गुलशन उनकी दुकान पर आया और गाली-गलौज करने लगा। उन्हाेंने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर गुलशन अपने भाई बंटी व बादल और दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ हाथ में गंडासा, डंडे और ईंट पत्थर लेकर उसकी दुकान पर चढ़ आए।
आरोपियों ने उनके ऊपर पथराव कर दिया। उन्होंने किसी प्रकार वहां से भागकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। इसके बाद आरोपी उनकी दुकान को आग लगा देने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। कोसिंदर ने घटना की वीडियो रिकाॅर्डिंग होने का भी दावा किया। पुलिस ने तहरीर पर तीन नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।