बाड़ीटीप गांव के पास कार पर हुई फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। घटना के दूसरे दिन पुलिस ने आरोपियों की तलाश में घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही आसपास के गांवों में संदिग्धों की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार दोपहर 12.15 पर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने सुल्तानपुर क्षेत्र के बाड़ीटीप गांव के पास एक कार का पीछा उसपर चार राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। गनीमत रही थी कि कार में सवार डॉ. सुमित कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान भिक्कमपुर जीतपुर भंवर सिंह, डॉ. सुमित का साला सुमित पंवार, उनकी सास बलेश देवी और शीला देवी सहित पांचों लोगों को कोई हानि नहीं पहुंची।
इस मामले में कार सवार डॉक्टर सुमित कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है जिससे हमलावरों की पहचान हो सके। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।