कोतवाली क्षेत्र के मंडावली गांव की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालवालों पर दहेज के लिए मारपीट करने व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने बुधवार को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के ग्राम घाघरेकी निवासी वसीम के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि निकाह के बाद उसे पता चला कि पति नशे का आदी है। वह उसे छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा।
ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने के ताने देते थे और बाइक व अन्य कीमती सामान की मांग कर रहे थे। पीड़िता ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो उसके ससुरालवालों ने शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता फिलहाल अपने माता-पिता के पास रह रही है।
उसकी एक पांच माह की बेटी है जिसका पालन-पोषण भी उसके माता-पिता ही कर रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि जब उसके माता-पिता समझौते के लिए फोन करते हैं तो ससुराल पक्ष के लोग उनके साथ बदसलूकी करते हैं। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि वसीम, नसीम, मोसिना, शबाना, नदीम और मोहसिन निवासी घाघरेकी सहारनपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।