संदिग्ध व्यक्तियों और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के मंडावर चौकी क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 14 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 1.40 लाख रुपये का चालान किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी राजीव रौथाण ने किया। पुलिस टीम ने सुबह-सुबह मंडावर क्षेत्र की गलियों में घर-घर जाकर किरायेदारों, फड़-फेरी वालों और संस्थानों में काम करने वाले मजदूरों के दस्तावेजों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 132 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
चेकिंग के दौरान पाया गया कि कई मकान मालिकों ने अपने यहां रह रहे बाहरी लोगों की जानकारी पुलिस को नहीं दी थी। सत्यापन न कराने वाले 14 मकान मालिकों का चालान काटते हुए 1.40 लाख चालान कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सत्यापन अनिवार्य है। यदि कोई मकान मालिक या संस्थान बिना पुलिस वेरिफिकेशन के बाहरी व्यक्ति को शरण देता है तो उसके खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।