- एफएफएस ऐप पर ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसानों को मिले तीन विकल्प, टोकन दिखाकर विक्रय केंद्र से ले सकेंगे उर्वरक
लक्सर। रासायनिक उर्वरकों के वितरण की डिजिटल व्यवस्था में किसानों को राहत देते हुए विभाग ने फार्मर आईडी के अलावा आधार कार्ड और भूमि की खसरा व सर्वेक्षण संख्या के माध्यम से भी ऑनलाइन बुकिंग का विकल्प दिया है। किसान एफएफएस (फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल) ऐप पर बुकिंग कर मोबाइल पर प्राप्त टोकन दिखाकर विक्रय केंद्र से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इससे फार्मर आईडी नहीं होने के कारण किसानों को हो रही परेशानी दूर होगी।
दरअसल, समितियों के माध्यम से होने वाले उर्वरक वितरण को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए विभाग ने एफएफएस ऐप पर ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू की है। जिला कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी ने बताया कि ऐप पर किसानों को तीन विकल्प दिए गए हैं। इनमें फार्मर आईडी, आधार कार्ड तथा फार्मर आईडी नहीं होने पर आधार कार्ड संख्या के साथ भूमि की खसरा संख्या, सर्वेक्षण संख्या और स्वघोषणा के आधार पर बुकिंग शामिल है।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था को लेकर किसानों में भ्रम की स्थिति न बने, इसके लिए विभागीय अधिकारियों और विक्रय केंद्रों से जुड़े कर्मचारियों को भी इसकी जानकारी दी जा रही है।
एफएफएस मोबाइल ऐप के माध्यम से उर्वरक वितरण के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है। शुरूआत में जानकारी के अभाव में कुछ समस्याएं आई हैं। नई व्यवस्था में सुलभ और पारदर्शिता के साथ किसानों को उर्वरक मिल सकेगा। - गोपाल सिंह भंडारी, जिला कृषि अधिकारी