चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को लेकर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में महिला रोग विशेषज्ञ, प्रसूति एवं बांझपन विशेषज्ञ डॉ. शिल्पी खन्ना उपस्थित रहीं। व्याख्यान के दौरान डॉ. खन्ना ने छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों की जानकारी दी।
उन्होंने माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी या शर्म का विषय नहीं है बल्कि महिलाओं के शरीर की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। उन्होंने माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, नियमित रूप से सेनिटरी पैड बदलने, पौष्टिक आहार लेने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी शारीरिक परेशानी को छिपाने के बजाय अपनी मां, शिक्षिका या चिकित्सक से खुलकर बात करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने सवाल पूछे, जिनका डॉ. खन्ना ने सहजता से जवाब दिया। विद्यालय प्रबंधक अभिषेक चंद्रा और प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने उनका आभार जताते हुए कहा कि इस व्याख्यान से छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ेगा।