रुड़की तहसील में लगे स्टॉल पर महिला बंदियों द्वारा बनाई गई राखियों को देखती ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ?
- फोटो : ROORKEE
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल और ग्रीन आर्मी इंडिया संस्था की मदद से महिला बंदियों के हुनर को उड़ान मिली है। महिला बंदियों के बनाए गए सामान की तहसील में प्रदर्शनी लगाई गई है। इस दौरान सामान खरीदने के लिए प्रदर्शनी में लोग उमड़ पड़े। महिला बंदियों की बनाई सुंदर राखी, हैंडबैग और मास्क देख लोगों ने उनके हुनर की तारीफ की।
पिछले एक महीने से जेल में बंद करीब 20 महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने एक मुहिम शुरू की थी। ग्रीन आर्मी इंडिया संस्था के सहयोग से महिला बंदियों को मास्क, हैंड बैग और राखी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद महिला बंदियों ने रंगबिरंगी राखियां और मास्क बनाए। महिला बंदियों के हुनर को समाज के सामने लाने के लिए शुक्रवार को तहसील में प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ मेयर गौरव गोयल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल और ग्रीन आर्मी इंडिया के संस्थापक शुभम चौहान ने किया। महिला बंदियों के हुनर को देखकर लोग चकित रह गए और जमकर प्रशंसा की। लोगों ने महिला बंदियों के बनाए सामान हाथों हाथ खरीदे। मौके पर ग्रीन आर्मी इंडिया संस्था के सूर्य प्रताप, विनीत त्यागी, अनिल कुमार, दीपक चौहान, अभय चौहान, अंकित चौहान, रवि चौहान मौजूद रहे।