सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बेटे को वाहन चलाने देने के मामले में उसके पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिता के खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर कोर्ट में पेश कर दिया।
कुछ समय पहले चेकिंग के दौरान सती मोहल्ला निवासी एक नाबालिग को वाहन चलाते हुए पकड़ा गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण को अदालत में भेज दिया था। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने नाबालिग के पिता के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए। कोर्ट के आदेश पर उपनिरीक्षक आनंद मेहरा ने पुलिस टीम के साथ सती मोहल्ला, सिविल लाइंस क्षेत्र में दबिश देकर नाबालिग के पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है। बता दें कि इससे पहले भी सिविल लाइंस पुलिस नाबालिग के वाहन चलाने के मामले में कोर्ट के वारंट पर एक पिता को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बावजूद क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है।