13 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में मंगलौर पुलिस ने पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मुख्यारोपी के खिलाफ रुड़की और मंगलौर में आर्म्स एक्ट, धमकी देने समेत पांच से अधिक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
महिला ने 21 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि 27 जुलाई को उसका पति धनेश्वर उर्फ तोता सुबह करीब चार बजे बेटी को जबरन घर से ले गया था। उसके साथ गांव ब्रहमपुर जाट मंगलौर निवासी आशीष उर्फ धोल्ला भी था। दोनों कुछ देर बाद अकेले घर लौटे। पत्नी ने बेटी के बारे में पूछा तो पति ने बताया कि कमीज से गला घोटकर हत्या की और उसे गंगनहर में फेंक दिया है।
आरोप है कि पति ने तमंचा दिखाकर पत्नी को धमकाया और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच में सामने आया कि धनेश्वर बेटी के किसी लड़के से बातचीत करने के शक और सोशल मीडिया पर उसकी फोटो देखने से नाराज था। इसी बात को लेकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 23 अगस्त को मुख्यारोपी धनेश्वर उर्फ तोता और उसके साथी आशीष उर्फ धोल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।