आपसी विवाद में कुछ लोगों ने एक ग्रामीण पर घर में घुसकर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने ग्रामीण और उसकी बेटी के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली के मखियाली कलां गांव निवासी संतु ने पुलिस को बताया कि वह दिव्यांग है। 24 मई की शाम को वह और उसकी बेटी दोनों घर में मौजूद थे। इस बीच आरोपी बिजेंद्र निवासी मखियाली कलां और लाखन निवासी रायसी अपने पांच साथियों के साथ लाठी-डंडे और तमंचे लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने उनके और उनकी बेटी पर हमला करते हुए मारपीट की।
आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उनपर तमंचे से फायरिंग की। इसमें वह बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। लोगों के आने पर आरोपी फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर दो नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।