रुड़की स्थित प्रशासनिक भवन में आयोजित भारतीय किसान यूनियन की बैठक में विचार रखते वक्ता।
- फोटो : ROORKEE
भारतीय किसान यूनियन रोड़ गुट की मासिक पंचायत में किसानों ने 21 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय लिया गया। साथ ही सीएम आवास पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना देने की बात कही।
सोमवार को प्रशासनिक भवन में हुई मासिक पंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड़ ने कहा कि चीनी मिलों को चालू हुए दो माह से अधिक का समय हो गया है, लेकिन सरकार ने अभी तक गन्ने का दाम घोषित नहीं किया है। चीनी मिलों पर किसानों का 300 करोड़ से अधिक का बकाया हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर किसानों का शोषण करा रही है। किसानों के उत्पीड़न को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष नाजिम अली ने कहा कि ऊर्जा निगम के अधिकारी गांव में जाकर केवल किसान और ग्रामीणों को परेशान कर रहे हैं। बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पंचायत में 21 जनवरी को सीएम आवास को घेरने पर सहमति बनी। इस दौरान निर्णय लिया गया कि किसान कोर कॉलेज पर एकत्र होंगे और यहां से देहरादून के लिए रवाना होंगे। बैठक में युवा विंग के जिलाध्यक्ष संजीव कुशवाहा, प्रदीप त्यागी, फखरे आलम, पवन रोड़, इंद्र रोड़, इरशाद प्रधान, मुबारिक, शहजाद, इरशाद, मंजेश रोड़ मौजूद रहे।