भारतीय किसान यूनियन रोड के नेतृत्व में तांशीपुर में हुई किसानों की बैठक में उन्होंने समय पर गन्ना पर्चियां नहीं आने पर रोष व्यक्त किया है। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष ने मिल अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर किसानों की समस्याएं दो दिन में हल करने की बात कही। साथ ही दो दिन में पर्याप्त पर्चियां नहीं आने पर इकबालपुर चीनी मिल पर तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
रविवार को भाकियू रोड गुट के नेतृत्व में किसानों ने तांशीपुर में बैठक आयोजित की। बैठक में पहुंचे भाकियू प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड ने किसानों की समस्याएं सुनी। किसानों ने बताया कि उनके क्षेत्र में इकबालपुर चीनी मिल से पर्चियां आती हैं। इस बार पर्चियां बहुत देर से आ रही हैं। इससे किसानों के खेतों में अब तक 40 फीसदी गन्ना ऐसे ही खड़ा है। वहीं अब गर्मियां होने से गन्ना छिलाई के लिए मजदूर नहीं मिल रहे हैं। उधर, जल्द ही चीनी मिल बंद होने वाली है। ऐसे में उनका गन्ना इस बार ऐसे ही खेत में खड़ा रह जाएगा। कहा कि गन्ना कटाई नहीं होने से किसान उनकी निराई-गुड़ाई भी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में किसानों के सामने दोहरा संकट खड़ा हो गया है। किसानों की समस्याएं सुनकर प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड ने मौके से ही मिल अधिकारियों को फोन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि चीनी मिल दो दिन के अंदर किसानों के पास पर्याप्त संख्या में पर्चियां नहीं पहुंचीं तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। चेतावनी दी कि दो दिन में किसानों की मांग पूरी नहीं होने पर मिल की तालाबंदी की जाएगी। इस मौके पर इंदर सिंह, रामदास, अमित, राजेंद्र, मोनू, संदीप, सोनू, संजीव कुशवाह, नदीम, नाजिर, पवन, मुबारिक अली, अंकित, अनीस, कारी शहजाद आदि मौजूद थे।