मंगलौर। सिडकुल स्थित फैक्टरी से निकाले गए कर्मचारियों के समर्थन में धरना देने जा रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इससे नाराज किसान सीओ कार्यालय पर ही धरने पर बैठ गए और हंगामा कर दिया। सीओ ने मुश्किल से समझाकर किसानों को शांत कराया।
बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी सिडकुल स्थित एक फैक्टरी से कर्मचारियों को निकालने पर धरना देने जा रहे थे। इस दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने किसानों को हिरासत में ले लिया। किसान नेताओं का आरोप है कि सिडकुल में फैक्टरी की ओर से कर्मचारियों को बिना चेतावनी के निकाला गया है। इस कारण वे भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। किसानों को सूचना मिलने पर वे कर्मचारियों के साथ धरने में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, हिरासत में लिए जाने से नाराज किसान सीओ कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए और हंगामा कर दिया। इस पर सीओ मंगलौर पंकज गैरोला ने किसानों को समझाकर शांत किया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। वहीं, किसानों ने कहा कि सिडकुल फैक्टरी से निकाले गए कर्मचारियों को वापस नहीं लिया गया तो फैक्टरी के बाहर धरना दिया जाएगा। इस दौरान राममूर्ति, रवि, बालेंद्र, विनीत, देवेंद्र, लाला और ऋषिपाल आदि किसान मौजूद रहे।