किसान कामगार मोर्चा के अध्यक्ष सुभाष नंबरदार के नेतृत्व में इकबालपुर क्षेत्र के किसानों ने गन्ना मंत्री को मांगपत्र भेजा। उन्होंने मांग की कि गन्ने का भाव सरकार को अविलंब घोषित करना चाहिए।
कामगार मोर्चा के अध्यक्ष सुभाष ने कहा कि पड़ोसी प्रदेश में गन्ने का भाव घोषित हो चुका है लेकिन उत्तराखंड राज्य में मामला अटका पड़ा है। प्रदेश में गन्ने का भाव यूपी से ज्यादा ही स्वीकृत किया जाएगा। सुभाष नंबरदार के नेतृत्व में किसान सुशील, विशाल व अनिल आदि ने गन्ना मंत्री को भेजे मांगपत्र में बताया कि उत्तराखंड में गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की घोषणा करने में देरी की जा रही है। इससे किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
गन्ना किसानों की अनदेखी करने से लोगों का गन्ने की खेती से मोह भंग होता जा रहा है। हरिद्वार जिले में पिछले साल के मुकाबले सर्वे रिपोर्ट में कई सौ बीघा गन्ने का रकबा घट गया है। पॉपुलर की खेती का रकबा बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में गन्ने के भाव की घोषणा कई दिन पहले हो चुकी है। उत्तराखंड में गन्ने का भाव यूपी से ज्यादा होना चाहिए। गन्ना मिलों का पेराई सत्र शुरू हो गया है लेकिन भाव की घोषणा में देरी करने से किसानों को अनदेखा करने जैसा अहसास हो रहा है।