गोवर्धनपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के तहत किसानों को सम्मान राशि हस्तांतरण का लाइव प्रसारण दिखाया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को समय पर बीज और खाद खरीदने के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के नौ करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों को 18 हजार 640 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरण का लाइव प्रसारण देखा गया। मंडी सचिव पंकज राज शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। मंडी निरीक्षक गौरव चौधरी ने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना से किसानों का सम्मान बढ़ा है और कृषि कार्यों में भी उन्हें आर्थिक सहयोग मिल रहा है। खानपुर ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रतिनिधि महिपाल चौधरी ने कहा कि योजना के तहत किसानों को सालभर में छह हजार रुपये की राशि मिलती है। इस दौरान पवन सिंह, दीप सिंह, कर्णपाल सिंह, सतीश कुमार, राजपाल, जयपाल सिंह, विजय बाबू, नीटू भाटी, अंकेश शर्मा, नीरज मौजूद रहे।