खानपुर। ऊर्जा निगम में तैनात लाइनमैन की मरम्मत करते समय खंभे से गिरकर गंभीर घायल हो जाने के बाद विभाग का इलाज में सहयोग न करने और घायल का वेतन न दिए जाने से नाराज किसान संगठनों और अन्य ग्रामीणों ने सोमवार को खानपुर बिजली घर परिसर में विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में मांगों पर सहमति बनने पर धरना समाप्त कर दिया गया।
किसान संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने कहा कि जिस बेल्ट को बांधकर नितिन विद्युत लाइन की मरम्मत कर रहा था, वह बहुत पुरानी हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से उपकरणों की सुरक्षा का ऑडिट भी नहीं किया गया है। इसके चलते लाइनमैन नितिन को खंभे से गिरकर गंभीर छोटे लगी है। सबसे दुखद यह है कि दुर्घटना के बाद भी अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया है पीड़ित के परिजनों को विभाग के अधिकारियों ने कोई आश्वासन तक नहीं दिया। सूचना मिलते ही खानपुर एसडीओ विवेक गुप्ता, लक्सर एसडीओ अमीचंद, खानपुर जेई अमजद, अश्वनी कुमार मौके पर पहुंच गए। किसानों और ग्रामीणों ने उनसे 10 लाख रुपए का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, इलाज का पूरा खर्च, बच्चों की पढ़ाई का खर्च, उपकरणों को नए दिलवाने सहित मांगों को रजिस्टर्ड पत्र पर लिखकर दिऐ जाने की मांग की। एसडीओ विवेक गुप्ता ने बताया कि मुआवजे समेत अन्य मांगों पर सहमति बनी है। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान धर्म सिंह, अरुण, सुंदर, रोहित, मनीष, अनुज आदि मौजूद रहे।