मानूबांस गांव में जमीन और रास्ते के विवाद पर एक किसान पर दरांती से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ता रोककर छह लोगों ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने किसान के हाथ से दरांती छीनकर उसपर वार कर दिया। बचाव में हाथ आगे करने पर दरांती लगने से उसकी अंगुलिया कट गईं। घायल के हाथ में करीब 20 टांके आए हैं।
मानूबांस निवासी मोनू अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके बड़े भाई नईम अहमद का विवाह हो चुका है। वह अपने परिवार के साथ अलग रहता है। तहरीर के अनुसार, उनके पिता का वर्ष 2004 में निधन हो गया था। इसके बाद नईम अहमद ने गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में उनकी मां से पिता की जमीन में अपना हिस्सा ले लिया था।
आरोप है कि वह अब उनकी मां के हिस्से की जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। तहरीर के मुताबिक, 23 सितंबर की शाम करीब पांच से छह बजे मोनू खेत में काम करने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में नसीम अहमद, उसके बेटे जुनैद और समद, पत्नी मुन्सरीना और नाजमा और अंजुम ने उसका रास्ता रोक लिया। जमीन और रास्ते को अपना बताते हुए गाली-गलौज करते हुए मोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि जुनैद ने उसके हाथ से दरांती छीन ली और जान से मारने की नीयत से उसपर वार किया। मोनू ने बचने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया जिससे दरांती उसके दाएं हाथ की उंगलियों पर लग गईं और उंगलियां कट गईं। शोर सुनकर पहुंचे मोनू का भाई सोनू, बहनें सोनिया और रिहाना के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
घटना में सोनू, सोनिया और रिहाना को भी चोटें आईं। इसी दौरान चेतक पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद मोनू और अन्य घायलों का रुड़की के सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।