रानी धर्म कुंवर राजकीय महाविद्यालय में मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। यह योजना राज्य सरकार की ओर से उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने व शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
महाविद्यालय में तैनात शिक्षक धनंजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रा काजल को 35 हजार, शिवानी को 25 हजार, सुहानी को 20 हजार की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। इन छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल परीक्षाओं में अच्छे अंक अर्जित किए थे।
छात्रवृत्ति संयोजक डॉ. प्रज्ञा राजवंशी ने कहा कि छात्रवृत्ति न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती है बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने और आगे उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा भी देती है। प्राचार्य प्रो. आदित्य कुमार मौर्य ने कहा कि यह छात्रवृत्ति योजना मेरिट आधारित है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च अंक प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर डॉ. निवेदिता प्रियदर्शिनी, डॉ. एसके सिंह, डॉ. धनंजय शर्मा, डॉ. भूपेंद्र, डाॅ. रेणु देवी, अश्विन, गौतम, पूरनचंद आदि मौजूद रहे।