थिनर का बंद टिन का डिब्बा तोड़ते समय अचानक धमाका होने से कबाड़ी के एक हाथ की हथेली के चीथड़े उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गंभीर रूप से घायल कबाड़ी सड़क पर लेटा मदद की गुहार लगा रहा था। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
दीन मोहम्मद निवासी मुजफ्फरनगर हाल मेहवड़ कबाड़ी का काम करता है। शनिवार सुबह वह कबाड़ खरीदने पास के ही गांव बाजूहेड़ी में गया था। बताया जा रहा है कि कबाड़ी ने एक व्यक्ति से पुराना सामान खरीदा था जिसमें थिनर के टिन के डिब्बे भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि कबाड़ी थिनर का एक टिन तोड़ रहा था। अचानक डिब्बे में धमाका हो गया। कबाड़ी भी ब्लास्ट की चपेट में आ गया और उसके एक हाथ की हथेली के चीथड़े उड़ गए। उसके एक पैर और शरीर पर भी चोटें आई हैं।
हादसा इतना भीषण था कि कबाड़ी जमीन पर गिर गया और मदद के लिए गुहार लगाता रहा। आसपास जमीन पर दूर तक खून ही खून फैल गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, सूचना मिलते ही कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से हादसे की जानकारी ली। सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि टिन का डिब्बा तोड़ते हुए हादसा हुआ है। जांच में सामने आया है कि बंद डिब्बे में गैस बनने की वजह से हादसा हुआ है।
विस्फोटक सामग्री होने की चर्चा
ब्लास्ट में कबाड़ी के एक हाथ की हथेली के चीथड़े उड़ने की घटना के बाद आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। लोगों का कहना है कि कबाड़ी ने एक अलमारी बनाने वाली फैक्टरी से टिन के डिब्बे खरीदे थे। चर्चा है कि बंद डिब्बे में विस्फोटक सामग्री भी हो सकती है जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ है।