कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और महिलाओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में खेड़ाजट निवासी पंकज कुमार ने बताया कि घटना एक मार्च की रात करीब 9:30 बजे की है। पीड़ित के अनुसार जब उनका पुत्र विपिन घर पर अकेला था, तब गांव के ही कुछ युवक नशे की हालत में उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके पुत्र विपिन के साथ मारपीट और झगड़ा किया।
बीच-बचाव करने आई परिवार की महिलाओं के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता और छेड़खानी की। जाते-जाते आरोपियों ने गाली-गलौज की और पीड़ित परिवार को दोबारा देख लेने की धमकी भी दी। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी महक सिंह, मगन, विपिन, अतुल भारद्वाज और अक्षय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।