चुड़ियाला और बिनारसी गांव में बृहस्पतिवार को ऊर्जा निगम की टीम ने छापा मारकर 14 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई दिनों से भगवानपुर क्षेत्र के गांवों में बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं।
इस पर टीम ने बृहस्पतिवार सुबह चुड़ियाला और बिनारसी गांव पहुंचकर कई घरों में छापेमारी की। इस दौरान टीम को 14 घरों में बिजली चोरी मिली। पुलिस ने सभी के घरों के केबल अपने कब्जे में ले लिए। इस दौरान गांव में अफरातफरी मच गई। कई ग्रामीणों ने टीम के पहुंचते ही खंभों से अपने केबल खुद ही उतार लिए और मकानों के दरवाजे तक बंद कर लिए। जेई प्रमोद कुमार ने थाने पहुंचकर 14 लोगों के खिलाफ तहरीर दी। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।