नगर पंचायत रामपुर में सफाई कर्मचारी के साथ हुई हाथापाई और अभद्रता के मामले में कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
19 अगस्त को सफाई कर्मचारी अमित कुमार वार्ड नंबर-पांच में सफाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और हाथापाई करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और मामला शांत कराया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ तो की लेकिन बिना कार्रवाई किए छोड़ दिया। इससे नाराज सफाई कर्मचारी बृहस्पतिवार को एकजुट हुए और विरोध जताते हुए आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने साफ कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस ने ठोस कदम नहीं उठाया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।