पदोन्नति में आरक्षण को खत्म करने का शासनादेश जारी करने की मांग को लेकर जनरल ओबीसी कर्मचारियों ने उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले बोट क्लब स्थित नलकूप विभाग के कार्यालय के पास आरपार की लड़ाई का एलान किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना था कि जब तक सरकार की ओर से प्रमोशन के आरक्षण को खत्म कर जनरल ओबीसी कर्मचारियों की रुकी हुई पदोन्नति को शुुरू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के संयोजक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी अपने हितों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार की ओर से कर्मचारियों को डराने के लिए कई तरह के आदेश दिए जा रहे हैं, हमें इन आदेशों से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 20 फीसदी कर्मचारियों का हित देखकर 80 फीसदी कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है, जो कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार पर भारी पड़ेगी।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के रुड़की शाखा अध्यक्ष राजबल सिंह त्यागी ने कहा कि जो कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे हैं, उनको समझाने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है, जो कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी बृहस्पतिवार को बैठक में शामिल नहीं हुए। यदि फिर भी वे हड़ताल में शामिल नहीं होते हैं तो उनका भी विरोध किया जाएगा। शुक्रवार से नहर किनारा स्थित सिंचाई विभाग के परिकल्प कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा।
------------------------
कई विभागों के कर्मचारी रोशनाबाद पहुंचे
जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित हड़ताल में रुड़की के अलग कार्यालयों से कई कर्मचारी हड़ताल में शामिल होने के लिए रोशनाबाद पहुंचे। इस दौरान कई कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा।
------------------
11 मार्च से इमरजेंसी सेवाओं के कर्मचारी हड़ताल में होंगे शामिल
ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के संयोजक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 11 मार्च से इमरजेंसी सेवाओं जैसे राजकीय चिकित्सालय, पशुपालन विभाग के कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि दिन प्रतिदिन हड़ताली कर्मचारियों की संख्या में इजाफा हो रहा है, जो कि अच्छा संकेत है।
------------------
कई विभागों को सूचना ही नहीं
भले से जनरल ओबीसी कर्मचारी अपने हकों को लेकर धरना दे रहे हैं। अपने हक की लड़ाई के लिए आरपार की लड़ाई का एलान कर रहे हैं, लेकिन इससे इतर बाट माप विभाग और उद्यान विभाग के कर्मचारियों को हड़ताल की जानकारी ही नहीं है। इन विभागों में कर्मचारी दिन भर काम करते रहे। कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें हड़ताल में शामिल होने के लिए किसी भी एसोसिएशन ने पत्र नहीं दिया।
-----------------------
परेशान रहे फरियादी
जनरल ओबीसी कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण कई विभागों में सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान कई लोग दफ्तरों से बैरंग लौट गए। कई विभागों में खाली कुर्सियां ही नजर आईं। दफ्तरों के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही।
--------------------------
ये कर्मचारी रहे शामिल
मनोज नवानी, जगदीश प्रसाद बहुगुणा, विनोद कुमार यादव, अजीत खटाना, अमित कुमार, अंकुर शर्मा, अनिल चौहान, सईद अहमद, दामोदरी, हिमांशु, अनिल राठी, राकेश, धर्मेंद्र त्यागी, कामेश तोमर, राजीव कुमार, इरशाद अली, किरण बिष्ट, मीरा शर्मा, सूरजमल, पवन सैनी, जामिल अहमद व तरुण कुुमार सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।
कोट
हड़ताल में कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। दिन प्रतिदिन हड़ताली कर्मचारियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जब तक सरकार मांगें नहीं मानती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
-राजेश श्रीवास्तव, संयोजक, जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन