राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), गुलाबशाह पीर रामपुर में बुधवार को टाइटन कन्या प्लस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, आसरा फाउंडेशन के सीईओ अमित बलोदी और द हंस फाउंडेशन की ग्रुप सीनियर मैनेजर सीमा सिंह ने किया।
टाइटन कन्या प्लस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षणिक सहयोग, जीवन कौशल शिक्षा और करिअर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। वक्ताओं ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय, अभिभावकों और सामाजिक संस्थाओं के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत, गणेश वंदना और गढ़वाली गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। छात्राओं ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ कमलेश पंवार, द हंस फाउंडेशन की मनीषा शर्मा, आसरा फाउंडेशन के सीओओ अभिषेक मौर्य, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी, कार्यक्रम प्रबंधक पृथ्वी सिंह और डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद मौजूद रहे। संवाद