रुड़की स्थित बीएसएम पीजी कालेज में प्रवेश को लेकर फार्म जमा करते छात्र।
- फोटो : ROORKEE
ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट में प्रवेश के लिए आवेदन नहीं कर पाने वाले गरीब सवर्ण छात्रों का अगर मेरिट में चयन नहीं हुआ है तो उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। आर्थिक आधार पर गरीब सवर्णों आरक्षण देने के लिए कॉलेजों में दस प्रतिशत सीटें बढ़ाने का शासनादेश जारी होने के बाद ऐसे छात्रों के लिए दस प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाएंगी। शासनादेश मिलते ही केएलडीएवी कॉलेज की ओर से सीटें बढ़ाने के लिए गढ़वाल यूनिवर्सिटी से दिशा निर्देश मांगे गए हैं। सीटें बढ़ने से रुड़की के चार पीजी कॉलेजों में करीब 300 गरीब सवर्ण छात्रों को प्रवेश का मौका मिलेगा।
पिछले दिनों केंद्र सरकार ने गरीब सवर्णों को भी आर्थिक आधार पर दस प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की थी। इसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से गरीब सवर्णों के बच्चों को एडमिशन में भी आरक्षण देने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने शासनादेश जारी कर गरीब सवर्णों के बच्चों को प्रवेश में दस प्रतिशत आरक्षण देने की अनिवार्यता रखी है। शासनादेश पहुंचने के बाद कॉलेजों की ओर से यूनिवर्सिटी से दिशा निर्देश मांगे गए हैं। यूनिवर्सिटी से जवाब आते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रुड़की के बीएसएम, केएलडीएवी, मैथोडिस्ट गर्ल्स और एसडी पीजी कॉलेज में करीब 300 सीटें बढ़ने का अनुमान है।
दस प्रतिशत सीटें बढ़ाने का शासनादेश मिला है, जिस पर हेमवती नंद बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी से दिशा निर्देश मांगे गए हैं। निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-यशोदा मित्तल, प्राचार्य, केएलडीएवी पीजी कॉलेज