बुग्गावाला क्षेत्र की खानपुर वन रेंज में सोमवार को रायघटी के पास किसान के खेत में हाथी का शव मिला। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और उससे दुर्गंध फैल रही है। दो दिन पहले भी क्षेत्र से एक हाथी का शव मिला था।
वन क्षेत्र अधिकारी मोहन सिंह रावत, एसडीओ पूनम कंथोला और डीएफओ स्वप्निल अनुरुद्ध वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बता दें कि विगत शनिवार को हिलवुड्स एकेडमी बंदरजूड़ के पास भी एक हाथी मृत पाया गया था। दो दिन में लगातार दो हाथियों की मौत से ग्रामीण दहशत में हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की मौत के कारणों की जल्द जांच कर स्पष्ट रिपोर्ट देने की मांग की। विभाग ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि अगर उन्हें जंगल में बीमार या घायल हाथी दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि समय पर उपचार हो सके।