देहरादून से आई ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने धनौरा और बढ़ेडी राजपुताना गांव में छापा मारकर 29 लाेगों के घरों में बिजली चोरी पकड़ी। इसमें अधिकतर लोग मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी करते पाए गए। कुछ लोगों ने एलटी लाइन पर कटिया डाल रखी थी। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम की कार्रवाई का विरोध किया जिसपर टीम से उनकी नोकझोंक भी हो गई।
ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम को धनौरी क्षेत्र के कुछ गांवों में लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर बृहस्पतिवार को देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने धनौरा और बढ़ेडी राजपुताना गांवाें में छापा मारा। विजिलेंस के छापे की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। गांवों में पहुंचते ही टीम ने छोटी-छोटी गलियों में पैदल चल लोगों के घर-घर जाकर चेकिंग की।
इस दौरान लोगों ने टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया। इस बात को लेकर अधिकारियों से लोगों की नोकझोंक हो गई। हालांकि टीम के सामने ग्रामीण अधिक नोकझोंक नहीं कर पाए। इस दौरान टीम ने दोनों गांवों में 29 लोगों के घराें पर बिजली चोरी पकड़ी। कई लोगों ने मीटर से पहले कट लगाया हुआ था। कई लोगों ने घरों के बाहर से जा रही एलटी लाइन पर कटिया डालकर बिजली चोरी की हुई थी। विजिलेंस निरीक्षक मारूत शाह ने बताया कि सभी 29 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। टीम में सहायक अभियंता हनुमान सिंह रावत, धनंजय कुमार, विकास कुमार, एसडीओ अश्वनी सिंह, जेई योगेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।