ऊर्जा निगम ने रामनगर क्षेत्र में चलाए गए बकाया वसूली अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए 25 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इन उपभोक्ताओं पर निगम का करीब 1.30 लाख रुपये बकाया चल रहा था।
एसडीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसे देखते हुए विभाग ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया। इसी क्रम में टीम ने सुनहरा क्षेत्र में पहुंचकर बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बकाया राशि जमा न करने वाले 25 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए। वहीं, विभाग की सख्ती के बाद 11 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपना बकाया बिल जमा कर दिया। इसके बाद उनके कनेक्शन पुनः जोड़ दिए गए। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है ताकि ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।