जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले का हत्यारोपी पांच माह बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट की पेशी के बाद हत्यारोपी को जेल भेज दिया गया है।
24 सितंबर को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आमखेड़ी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के खूनी संघर्ष में आजाद की हत्या हो गई थी। आजाद के भाई अंकित कुमार ने आठ आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। सात आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर चुकी थी। एक अन्य हत्यारोपी जोगेंद्र पांच माह से फरार चल रहा था।
इसकी गिरफ्तारी को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आठवां हत्यारोपी जोगेंद्र घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर शांति कुमार गंगवार ने बताया कि आठवें आरोपी जोगेंद्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। संवाद