कोरोना के चलते लगे प्रतिबंधों के बीच ईद का त्योहार सोमवार को मनाया जाएगा। इसके लिए लोगों ने बाजारों में खरीदारी की। हालांकि, हर साल की तरह इस बार ज्यादा खरीदारी नहीं हुई, लेकिन लॉकडाउन के बाद छाया सन्नाटा कम जरूर हुआ। लोगों ने बेहद जरूरी सामानों की ही खरीदारी की।
शनिवार को आम दिनों की अपेक्षा बाजारों में ज्यादा भीड़ दिखी। बाजार में सुनार, कपड़े, बर्तन, किराना आदि की दुकानों पर भी भीड़ दिखाई दी। इससे दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। सिविल लाइंस, मेन बाजार, बीटी गंज में ईद को लेकर खरीदारों में ज्यादा उत्साह दिखा। दुकानदार रोहित कुमार ने बताया कि लॉकडाउन में छूट के बाद से दुकान पर दिनभर में इक्का दुक्का ग्राहक ही पहुंच रहा था, लेकिन शनिवार को कई ग्राहक पहुंचे। वहीं, ज्वेलरी कारोबार से जुड़े सुनारों ने भी बताया कि शनिवार को उनके शोरूम और दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ दिखी। उधर, कपड़े की दुकान चलाने वाले मनोज अरोड़ा ने बताया कि शनिवार को ईद की खरीदारी को लेकर ग्राहक अधिक संख्या में दुकान पर पहुंचे। वहीं, ईद के मद्देनजर टेलर की दुकानों पर भी लोग कपड़े सिलवाकर ले जाते दिखे।