क्षेत्र में सिंचाई विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटाने के बाद अब विभाग कब्जा मुक्त कराई गई जमीन को अपने संरक्षण में लेने की तैयारी में जुट गया है। दोबारा अतिक्रमण की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग चहारदीवारी कराएगा ताकि सरकारी भूमि सुरक्षित रह सके।
सोमवार को प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई में हटाए गए अतिक्रमण के बाद विभागीय अधिकारियों ने भूमि पर चहारदीवारी के लिए खोदाई शुरू कर दी है। एसडीओ अनुज बंसल ने बताया कि जिन स्थानों से अस्थायी दुकानें, टिनशेड और अन्य निर्माण हटाए गए हैं वहां जल्द ही सीमांकन कराकर चहारदीवारी बनाई जाएगी।
इसके साथ ही ऐसे अन्य संवेदनशील स्थलों को भी चिह्नित किया जा रहा है जहां भविष्य में अतिक्रमण होने की संभावना बनी रहती है। उनका कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा भी विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कब्जा मुक्त भूमि को विभाग अपने अधिकार में लेकर स्थायी रूप से सुरक्षित करेगा।
चहारदीवारी बनने के बाद किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। शासन और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य स्थानों पर भी भूमि का सर्वे कर आवश्यकतानुसार चहारदीवारी निर्माण की कार्रवाई की जाएगी। इससे सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जे की संभावनाओं पर रोक लग सकेगी।