वक्फ दरगाह पिरान कलियर की ओर से वार्षिक ठेकों के संचालन के लिए एक बार फिर निविदा सूचना जारी की गई है। दरगाह प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार दरगाह साबिर पाक, इमाम साहब और किलकिली साहब से संबंधित विभिन्न ठेकों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
दरगाह साबिर पाक के ठेकों की प्रक्रिया पहले से चल रही है। आठ जनवरी को खुले टेंडरों में से नीलामी समिति ने केवल पांच ठेकों को ही स्वीकृति दी थी। शेष ठेकों पर टेंडर न आने या स्वीकृत न हो पाने के कारण उन्हें दोबारा निविदा प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
दरगाह कार्यालय से जारी सूचना के मुताबिक इच्छुक व्यक्ति या फर्म उत्तराखंड सरकार के ई-टेंडर पोर्टल पर लॉगिन कर निविदा प्रपत्र और शर्तें डाउनलोड कर सकते हैं। पूरी निविदा प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। हालांकि निविदा की अग्रिम जमानत राशि (ईएमडी) किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक की एफडीआर के रूप में अपलोड करने के साथ उसकी मूल प्रति दरगाह कार्यालय में जमा करानी अनिवार्य होगी।
निविदा कार्यक्रम के अनुसार 12 जनवरी को दोपहर 12 बजे से ऑनलाइन प्रकाशन शुरू हो गया है। दस्तावेज डाउनलोड करने और बोली जमा करने की प्रक्रिया जारी है। बोली जमा करने की अंतिम तिथि 22 जनवरी दोपहर 12 बजे निर्धारित की गई है। उसी दिन दोपहर 12 बजे ही टेंडर खोले जाएंगे।
दरगाह प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निविदा से संबंधित तिथियों में किसी भी प्रकार का संशोधन या परिवर्तन केवल ई-टेंडर पोर्टल पर ही प्रकाशित किया जाएगा। तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि जिन ठेकों पर पहले टेंडर नहीं आए थे या जिन्हें स्वीकृति नहीं मिल सकी थी उन्हें पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोबारा निविदा प्रक्रिया में शामिल किया गया है। उन्होंने इच्छुक ठेकेदारों से समय रहते आवेदन करने की अपील की।