नशीला पदार्थ सुंघाकर ई-रिक्शा चोरी किया
पिरान कलियर। थाना क्षेत्र में चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर ई-रिक्शा चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां निवासी वसीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर वह अपना ई-रिक्शा लेकर दरगाह इमाम साहब की ओर जा रहा था। तभी पुल पर कांवड़ पटरी के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया और धनौरी की ओर जाने के लिए कहा।
उसने तीनों लोगों को बैठा लिया और कांवड़ पटरी से उन्हें धनौरी की ओर ले जाने लगा। रास्ते में आरोपियों ने फोटो खींचने के बहाने ई-रिक्शा रुकवाया। इसके बाद उन्होंने बीड़ी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को दो नहरों के बीच सड़क पर गिरा हुआ पाया और देखा कि उसका ई-रिक्शा चोरी हो चुका है।
होश में आने पर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए ई-रिक्शा को बरामद करने की मांग की है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।